बरनाला में भी दिखी कांग्रेस की गुटबाजी, चन्नी समर्थकों ने लगाए नारे
बरनाला, 02 अगस्त (हि.स.)। संगरूर और पटियाला में पूर्व
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी तथा पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा
वड़िंग के समर्थकों के बीच टकराव के एक दिन बाद रविवार को बरनाला में भी कांग्रेस
की गुटबाजी सामने आ गई। पार्टी के ‘हर
बूथ, कांग्रेस मजबूत’
कार्यक्रम के दौरान चन्नी समर्थकों ने
उनके पक्ष में नारेबाजी की।
कार्यक्रम
में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, राजा वड़िंग, विधायक
कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, पूर्व
मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा, राज
कुमार वेरका और रजिया सुल्ताना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नेताओं
के संबोधन के दौरान चन्नी समर्थकों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। स्थिति संभालने के
लिए राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं से बार-बार नारेबाजी बंद करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को मजबूत करने की पूरी मेहनत खराब हो सकती है। विधायक
काला ढिल्लों भी मंच से नीचे उतरकर कार्यकर्ताओं को शांत कराने पहुंचे।
अपने
संबोधन में काला ढिल्लों ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ नेता दिल्ली में
पार्टी मजबूत करने की बात करते हैं, लेकिन पंजाब लौटकर एक-दूसरे को कमजोर करने में लग जाते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों के प्रति सतर्क रहने को कहा। रजिया
सुल्ताना ने कहा कि किसी को कोई शिकायत है तो उसे पार्टी हाईकमान के सामने रखना
चाहिए।
बाद
में पत्रकारों से बातचीत में राजा वड़िंग ने कहा कि उन्हें चन्नी के समर्थन में
नारे लगाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने खुद भी चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो
के समर्थन में नारे लगाए। इससे पहले भूपेश बघेल ने भी मंच से वड़िंग, चन्नी, बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, ब्रह्म मोहिंद्रा और रजिया सुल्ताना के
समर्थन में नारे लगाए थे।
हालांकि, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह
रंधावा कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। कांग्रेस का अगला ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम मानसा में आयोजित किया जाना
है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

