पंजाब में कंप्यूटर अध्यापकाें काे दीपावली का ताेहफा, 40 प्रतिशत डीए में बढ़ाेतरी
6,507 कंप्यूटर अध्यापकों को हाेगा लाभ
महंगाई भत्ता 181 से बढ़कर 221 प्रतिशत हुआ
चंडीगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर पंजाब की भगवंत मान सरकार ने कंप्यूटर अध्यापकों और समग्र शिक्षा अभियान के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के 6,507 कंप्यूटर अध्यापकों के महंगाई भत्ते (डीए) में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद इन अध्यापकों का डीए 181 प्रतिशत से बढ़कर 221 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार के इस फैसले से लंबे समय से आर्थिक लाभ की उम्मीद लगाए बैठे कंप्यूटर अध्यापकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार काे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी। दिवाली के पावन अवसर पर सरकार अपने कर्मचारियों को यह तोहफा दे रही है। राज्य के 6,507 कंप्यूटर अध्यापकों के महंगाई भत्ते में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों, सम्मान और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। कंप्यूटर अध्यापकों के साथ-साथ सरकार ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत काम करने वाले 1,007 गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी राहत दी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कर्मचारियों की सेवाएं कुछ समय पहले नियमित की गई थीं। अब सरकार ने उन्हें संशोधित वेतन के सभी वित्तीय लाभ देने की मंजूरी दे दी है। इससे इन कर्मचारियों के वेतन में भी बढ़ोतरी होगी और उन्हें लंबे समय से लंबित आर्थिक लाभ मिल सकेंगे।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार इससे पहले नियमित सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते में भी तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

