अमृतसर में दो भाई गिरफ्तार, 5.5 किलो हेरोइन और चार पिस्तौल बरामद
अमृतसर, 21 मई (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) ने दो भाइयों को गिरफ्तार करके नशीले पदार्थों और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इनके पास से 5.5 किलो हेरोइन, चार पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि अजनाला (अमृतसर) के गांव रोखे निवासी बॉबी सिंह और हरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। नशीले पदार्थों और हथियारों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने इनकी काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार दोनों भाई सीमा पार के तस्कर के संपर्क में थे और उन्हें हथियार तथा गोला-बारूद की खेपें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें राज्य में आगे सप्लाई किया जाना था।
उन्होंने बताया कि बॉबी सिंह के इकबालिया बयान पर गांव भाखा तारा सिंह से 5.5 किलो हेरोइन भी बरामद की गई।
डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने और मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे जांच की जा रही है।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

