home page

चितकारा यूनिवर्सिटी हिंसा मामले में दो गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने का आरोप

 | 

पुलिस का दावा-भ्रामक संदेशों से छात्रों को भड़काया; एफआईआर में 10 अन्य लोगों के नाम भी शामिल

पटियाला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में हाल में हुए छात्र विरोध और हिंसा के मामले में पटियाला पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर सोशल मीडिया के जरिये कथित तौर पर भ्रामक और अपुष्ट संदेश फैलाकर छात्रों को भड़काने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद बनूड़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान छात्रों और अन्य लोगों की सोशल मीडिया गतिविधियों, पोस्ट और वायरल संदेशों की पड़ताल की गई। पुलिस का दावा है कि जांच में नंगल निवासी हिमांशु और अंबाला निवासी आर्यन की ओर से ऐसे संदेश प्रसारित करने की बात सामने आई, जिनसे कैंपस में तनाव बढ़ा और हालात बिगड़े।

इस मामले की एफआईआर में 10 अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को भेजा है।

चितकारा यूनिवर्सिटी में पिछले सप्ताह दो छात्राओं को लेकर सोशल मीडिया पर अपुष्ट दावे फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध प्रदर्शन पर उतर आए थे। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने उस समय कहा था कि वायरल दावों की पुष्टि नहीं हुई है और छात्रों की सुरक्षा को लेकर जांच की जा रही है।

पटियाला के एसएसपी हरमनदीप हंस ने कहा कि पुलिस शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और हिंसा भड़काने से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH