मुख्यमंत्री भगवंत मान 15 अगस्त को फिरोजपुर में झंडा फहराएंगे
- पंजाब सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के लिए जारी किए सभी मंत्रियों के कार्यक्रम
चंडीगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। पंजाब सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का ऐलान कर दिया है। इस बार स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह फिरोजपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
गुरुवार को जारी की गई सूचना के अनुसार लुधियाना में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा तिरंगा फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी जिलों के लिए मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्षों की ड्यूटी लगा दी गई है।
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा रोपड़ में, डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी तरनतारन में, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा अमृतसर में, सामाजिक न्याय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर गुरदासपुर में, स्वास्थ्य मंत्री डॉ.बलबीर सिंह मलेरकोटला में, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक्क फाजिल्का में, शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस शहीद भगत सिंह नगर, लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ मोहाली में, कृषि एवं पशु पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां पटियाला में, स्थानीय निकाय मंत्री डॉ.रवजोत सिंह होशियारपुर में, जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल बरनाला में, राजस्व मंत्री हरदीप सिंह बठिंडा में, पर्यटन मंत्री तरूनप्रीत सोंद संगरूर में, बागवनी मंत्री मोहिंद्र भगत जालंधर में ध्वज फहराएंगे।
अन्य जिलों के लिए निर्देश सरकार की तरफ से जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन जिलों के नाम इस सूची में शामिल नहीं हैं, वहां के स्थानीय समागमों में डिवीजनल कमिश्नर या संबंधित जिले के डिप्टी कमिश्नर (ष्ठष्ट) द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

