home page

चंडीगढ़ में शराब का लंगर लगाने पर डीजे संचालक गिरफ्तार, ठेकेदार पर कार्रवाई शुरू

 | 

चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार को शराब का लंगर लगाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और डीजे संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को की गई है।

पुलिस के अनुसार रविवार को सेक्टर नौ की मार्केट में एक वाइन शॉप मालिक ने लंगर लगाकर बर्फ के गोलों पर वोदका व वाइन डालकर लोगों को दी थी। महंगी शराब वाले बर्फ के गोले बांटे जाने को लेकर वहां भीड़ जुट गई। सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर एक प्रमोशनल स्टॉल लगाया गया था। यहां लोगों को जामुन फ्लेवर वाली बर्फ की चुस्की दी जा रही थी, जिसमें वोदका मिलाई गई थी। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग स्टॉल के आसपास खड़े दिखाई दिए और कई लोग हाथों में शराब वाली चुस्की लिए नजर आए।

पुलिस के अनुसार यह वीडियो खुद शराब ठेकेदार की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढऩे के बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि, तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। पुलिस ने सोमवार को इस मामले में कार्रवाई करते हुए डीजे मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी।

चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह लंगर लगाया गया है, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर इस बारे में जवाब मांगा गया है। पुलिस ने बताया कि नए शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए यह आयोजन किया गया था। वीडियो में स्टॉल पर युवाओं की भीड़ दिखाई दे रही थी। इस मामले में शराब पिलाने वाले राजेश सचदेवा ने वहां डीजे लगा रखा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा