home page

चंडीगढ़ में 'नो व्हीकल डे' पर बस में सवार होकर दफ्तर पहुंचे पंजाब के राज्यपाल

 | 
चंडीगढ़ में 'नो व्हीकल डे' पर बस में सवार होकर दफ्तर पहुंचे पंजाब के राज्यपाल


चंडीगढ़ में 'नो व्हीकल डे' पर बस में सवार होकर दफ्तर पहुंचे पंजाब के राज्यपाल


- डीजीपी, मुख्य सचिव, आईजी साइकिल से पहुंचे कार्यालय, उपायुक्त अमले के साथ पैदल चलकर आए

चंडीगढ़, 20 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद बुधवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने नो व्हीकल डे मनाया। इसके चलते सभी अधिकारी तथा कर्मचारी साइकिल तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट की मदद से अपने दफ्तर पहुंचे। बुधवार को किसी ने भी अधिकारी व कर्मचारी ने सरकारी वाहन का इस्तेमाल नहीं किया।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी बस में सवार होकर अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में पंजाब सरकार से भी बात करेंगे। पंजाब में भी एक दिन नो व्हीकल डे होना चाहिए। इसके बाद शिक्षण संस्थानों में भी इसे शुरू किया जाएगा। आने वाले दिनों में चंडीगढ़ के वीआईपी काफिलों में शामिल वाहनों की संख्या में भी कटौती की जाएगी। प्रशासक का कहना है कि इस संबंध में सुरक्षा विभाग को लिखा जा चुका है।

राज्यपाल एवं प्रशासक कटारिया ने कहा कि हमने अपने सारे स्टाफ से यह कहा था कि बुधवार के दिन आप कोई भी अपनी गाड़ी से ड्यूटी और अपने काम के लिए नहीं आएंगे। एक तरह से देश के संकट के समय में जितना पेट्रोल और डीजल बचा सकते हैं, उसको बचाने का प्रयास करना चाहिए। अगर हम करेंगे तो फिर नीचे वाले लोगों को हमारा कहना उचित भी होगा और उसका पालन कराना भी आसान होगा। चंडीगढ़ के मुख्य सचिव आईएएस राजेश प्रसाद भी अपने आवास से कार्यालय तक साइकिल चलाकर गए। इस दौरान उनके सुक्षा कर्मी भी साइकिलों पर सवार थे। चंडीगढ़ के डीजीपी सागरप्रीत हुड्डा भी साइकिल पर सवार होकर पुलिस मुख्यालय पहुंचे।

चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव अपने अमले के साथ पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे। राज्यपाल के एडीसी रणधीर कुमार साइकिल से अपने दफ्तर पहुंचे। चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार भी साइकिल से अपने कार्यालय आए। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से नो व्हीकल डे पर कर्मचारियों के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। कर्मचारियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुबह ऑफिस टाइमिंग और शाम को छुट्टी के वक्त 17 स्पेशल बसें लगाई। इससे हर 15 से 20 मिनट में उन्हें घर के नजदीकी स्टॉप से बसें मिलीं।

चंडीगढ़ उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा कि चंडीगढ़ में डीजल और पेट्रोल काफी मात्रा में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। गवर्नर ने हर बुधवार साइकिल से ऑफिस से आने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं, वह सही है। यह हर बुधवार होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा