home page

चंडीगढ़ के जीएमसीएच में डाक्टर की मौत

 | 

चंडीगढ़, 02 जून (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यहां एक डॉक्टर की लाश मिली है। डाक्टर सामान्य की भांति बाथरूम में गए थे, लेकिन जब काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो साथियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो भीतर डाक्टर मृत मिला। पुलिस को मौके से इंजेक्शन मिले हैं, दावा किया जा रहा है कि इन्हें लगाने से ही उनकी मौत हुई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मंगलवार को 24 वर्षीय डॉ. योगेश, जो पीजी जूनियर रेजिडेंट (जेआर) और जनरल मेडिसिन विभाग में कार्यरत थे, अस्पताल परिसर मेें बने ट्रामा सेंटर के बाथरूम में गए थे। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर उनके साथियों और अस्पताल स्टाफ को संदेह हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने और खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर डॉ. योगेश बेसुध अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से पोटेशियम क्लोराइड के इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं। इसके बाद मामले की सूचना थाना-34 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना-34 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी करवाई और बाथरूम व आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि डॉक्टर ने कथित तौर पर इंजेक्शन लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा