चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का सागो क्लब सील
चंडीगढ़, 02 जून (हि.स.)। चंडीगढ़ प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सेक्टर-26 स्थित चर्चित सागो क्लब पर मंगलवार को चंडीगढ़ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। मशहूर रैपर बादशाह से जुड़े इस क्लब के खिलाफ भवन नियमों के उल्लंघन को लेकर लंबे समय से कार्रवाई चल रही थी।
प्रशासन का कहना है कि कई बार नोटिस जारी करने और नियमों का पालन करने के निर्देश देने के बावजूद क्लब प्रबंधन ने कमियों को दूर नहीं किया, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
सुबह करीब साढ़े नौ बजे यूटी एस्टेट ऑफिस की बिल्डिंग ब्रांच और प्रवर्तन शाखा की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ सेक्टर-26 स्थित शोरूम नंबर-17 पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए क्लब को सील कर दिया। प्रशासन के अनुसार निरीक्षण के दौरान क्लब परिसर में स्वीकृत भवन नक्शे से अलग कई निर्माण और बदलाव पाए गए थे। इनमें बिना मंजूरी अतिरिक्त निर्माण, ओपन एरिया को कवर करना, अंदरूनी लेआउट में बदलाव, स्टोरेज एरिया और अन्य ढांचागत परिवर्तन शामिल बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि क्लब संचालकों को पहले भी कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें निर्धारित समय के भीतर अवैध निर्माण हटाने और भवन को स्वीकृत नक्शे के अनुसार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के भीतर कोई संतोषजनक जवाब या अनुपालन नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई को अंतिम रूप दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

