home page

चंडीगढ़ में टिफिन बम रखने के तीन आरोपित पांच दिन की पुलिस रिमांड पर

 | 

चंडीगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे टिफिन बम और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने तरनतारन जिले के गांव सरहाली निवासी लवप्रीत सिंह (19), गांव देवबाथ निवासी जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21) और अमृतसर के गांव तरसिक्का निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) को गिरफ्तार किया है। लवप्रीत और जश्नदीप रिश्तेदार हैं और दोनों पेंट का काम करते हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि लवप्रीत सिंह और जश्नदीप सिंह विदेश में बैठे कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में हैं और सेक्टर-42/43 इलाके में घूम रहे हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने की सूचना मिली थी।

पुलिस का दावा है कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी भीड़भाड़ वाली जगह पर आइईडी लगाकर धमाका करने की तैयारी में थे। इसके बाद सेक्टर-36 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। खुफिया जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलो जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से चलने वाला सिस्टम, एक पिस्तौल, एक मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद विस्फोटक सामग्री की जांच की जा रही है। मामले की जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के नेटवर्क से जुड़े ग्राउंड स्तर के सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे और विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को विस्फोटक सामग्री पहुंचाने, जरूरी सामान जुटाने, संभावित ठिकानों की पहचान करने और आइईडी हमले को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।

अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से विदेशी हैंडलरों से संपर्क, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और कथित साजिश से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। लवप्रीत सिंह के परिवार का कहना है कि वह आठवीं तक पढ़ा है और पेंट का काम करता था। परिवार के मुताबिक वह अपने रिश्तेदार जश्नदीप के साथ मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसका संपर्क नहीं हो पा रहा था।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH