home page

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े केमिस्ट शॉप पर कैशियर की गोली मारकर हत्या

 | 
चंडीगढ़ में दिनदहाड़े केमिस्ट शॉप पर कैशियर की गोली मारकर हत्या


चंडीगढ़, 13 जून (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में शनिवार को दो नकाबपोश युवकों ने एक मेडिकल स्टोर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करके काउंटर पर तैनात कैशियर को मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने यहां के कुमार मेडिकल हॉल को निशाना बनाया और वह ग्राहक बनकर दुकान में घुसे।

जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर दो युवक मुंह पर मास्क लगाकर कुमार मेडिकल हॉल में घुसे। दोनों युवकों ने टोपी पहनी हुई थी। जिसके चलते सीसीटीवी में उनके चेहरे पूरी तरह से नहीं दिखाई दिए। युवकों ने दुकान में घुसकर कांउटर की आड़ में ऑटोमैटिक गन लोड कीं और काउंटर पर बैठे कैशियर पर फायरिंग कर दी। गन से करीब 13 फायर हुए। गन दोनों ही हमलावरों के पास थी, लेकिन गोली उनमें से एक ही हमलावर ने चलाई। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के शिमला में रोहड़ू के रहने वाले जानकी दास (55) के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मेडिकल स्टोर पर फायरिंग के वीडियो में दिख रहा है कि दुकान पर ग्राहक जुटे हुए थे। इसी दौरान फायरिंग करने वाले दोनों युवक चेहरे पर मास्क और टोपी लगाकर दुकान में घुसे थे। उन पर किसी का ध्यान भी नहीं गया।

दोनों हमलावर सबसे पहले काउंटर पर गए और खड़े हो गए। उन्होंने करीब 21 सेकंड तक रुक कर पहले दुकान का माहौल समझा। इसके बाद दोनों हमलावरों ने काउंटर की आड़ अपनी-अपनी पिस्टल लोड कीं। घटना की सूचना मिलते ही

डीएसपी दलवीर, पुलिस स्टेशन-11 प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल इंचार्ज चिरंजी लाल और क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल और ऑपरेशन सेल की टीम भी मौके पर पहुंची। एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया है कि घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। हमलावरों के पास ऑटोमेटिक हथियार थे। वे स्कूटी से आए थे। हमलावरों की संख्या तीन थी। उनमें से दो दुकान में घुसे जबकि एक बाहर रहा। सभी ने मास्क पहने हुए थे और टोपी लगा रखी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा