home page

चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरने को राकेश टिकैत ने दिया समर्थन

 | 

- किसान संगठनों की सोमवार को होने वाली बैठक में तय होगी अगली रणनीति

मोहाली, 06 सितंबर (हि.स.)। चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर 1 सितंबर से चल रहा 32 किसान यूनियनों का पक्का मोर्चा रविवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए किसान नेता राकेश टिकैत धरना स्थल पर पहुंचे, जिसके बाद वहां किसानों और संगठनों की मौजूदगी और बढ़ गई।

राकेश टिकैत ने कहा कि पंजाब सरकार को किसानों के साथ बातचीत कर उनकी 13 मांगों पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलना जरूरी है और न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग से किसान पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब सरकार को किसानों से बातचीत करनी चाहिए और इसके बाद जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार के साथ चर्चा आगे बढ़ाई जानी चाहिए। टिकैत ने यह भी कहा कि यदि सरकार किसानों की मांगों पर सहमति बना लेती है तो आंदोलन जल्द समाप्त हो सकता है।

धरने के छठे दिन कई अन्य किसान संगठनों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बॉर्डर पर पहुंचने से धरना स्थल का दायरा बढ़ गया है। एक दिन पहले प्रशासन और किसान नेताओं के बीच हुई बैठक में सड़क का एक हिस्सा यातायात के लिए खुला रखने पर सहमति बनी थी, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

किसान संगठनों की सोमवार को होने वाली बैठक में फैसला लिया जाएगा कि आंदोलन को 7 सितंबर के बाद जारी रखा जाए या समाप्त किया जाए। बैठक में पंजाब सरकार के साथ संभावित बातचीत और 13 मांगों को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

------------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH