चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन ने 15 अक्टूबर को ‘नो वर्क डे’ मनाने का लिया फैसला
-पंजाब बंद के आह्वान के समर्थन और उच्चतम न्यायालय परिसर में वकीलों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में निर्णय
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को ‘नो वर्क डे’ मनाने का निर्णय लिया है। इस दौरान वकील न्यायिक कार्यों से दूर रहेंगे। एसोसिएशन की कार्यकारिणी ने आपात बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला किया।
एसोसिएशन ने यह निर्णय पंजाब बंद के आह्वान के समर्थन और हाल ही में नई दिल्ली स्थित उच्चतम न्यायालय परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान वकीलों के साथ कथित तौर पर किए गए अपमानजनक व्यवहार के विरोध में लिया है। डीबीए ने चंडीगढ़ के सभी वकीलों से निर्धारित दिन न्यायिक कार्यों में हिस्सा नहीं लेने और ‘नो वर्क डे’ के निर्णय का पालन करने की अपील की है।
एसोसिएशन ने न्यायिक अधिकारियों से भी सहयोग का अनुरोध किया है। उसने अपील की है कि वकीलों की अनुपस्थिति के कारण संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए अगली उपयुक्त तारीख तय की जाए। साथ ही, वकीलों की गैरमौजूदगी में उनके मामलों में कोई प्रतिकूल आदेश पारित नहीं किया जाए।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

