चंडीगढ़ भाजपा को मिला धमकी भरा ई-मेल, पंजाब बंद के दौरान बम धमाके की चेतावनी
चंडीगढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। चंडीगढ़ स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय को शुक्रवार को एक धमकी भरा ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। ई-मेल में 21 अगस्त को पंजाब बंद के दौरान खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। इसके साथ ही 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की अपील की गई है।
यह संदेश भाजपा के चंडीगढ़ स्थित स्टेट ऑफिस के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजा गया। मेल में ‘21 अगस्त पंजाब बंद’ और ‘31 अगस्त स्कूल बंद’ जैसे संदेश लिखे गए हैं। भेजने वाले ने पंजाब और खालिस्तान का जिक्र करते हुए धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया है। ई-मेल में पंजाब में 21 अगस्त को बंद रखने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जिन शहरों में बंद का पालन नहीं किया जाएगा, वहां बम धमाके किए जाएंगे। संदेश में 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की बात भी कही गई है।
धमकी वाले ई-मेल में पंजाब के डीजीपी के नाम का उल्लेख करने के साथ कुछ ऐसे लोगों के नाम भी लिखे गए हैं, जिन्हें खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा से जुड़ा बताया गया है। मेल में बम और आईईडी से संबंधित कई दावे भी किए गए हैं। हालांकि, इन दावों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ई-मेल मिलने के बाद पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी मेल भेजने वाले की पहचान, उसके स्रोत और इस्तेमाल किए गए माध्यम का पता लगाने में जुटे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि धमकी किसी वास्तविक संगठन से जुड़ी है या फर्जी पहचान के जरिए भेजी गई है।
दरअसल, चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर 1 अप्रैल की शाम संदिग्ध विस्फोटक हमला हुआ था। कार्यालय के पास एक छोटा क्रूड बम/ग्रेनेड फेंका गया था, जिसके चलते आसपास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा था। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके को घेरकर जांच की थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी और स्थानीय पुलिस की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था।
इस मामले की जांच के दौरान चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, जांच में विदेश में बैठे हैंडलर और आईएसआई समर्थित मॉड्यूल की भूमिका सामने आई थी। आरोपियों से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जाने की भी जानकारी सामने आई थी।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

