सीबीआई जांच के बाद हर गुनहगार होगा सलाखों के पीछे : सुनील जाखड़
- गृह मंत्री अमित शाह का भरोसा, कल ही आएगी सीबीआई टीम
चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पंजाब में उम्मीद की एक किरण जगी है कि राज्य की मान सरकार के संरक्षण में चल रहे नशे के कारोबार पर अब लगाम लगेगी और पंजाब की युवा पीढ़ी नशे के इस ज़हर से बचेगी।
यह बात भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मानसा में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और अब हर बीतते दिन के साथ इस जनविरोधी सरकार का प्रभाव घटता जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी के खून में ज़हर घोलकर पंजाब को लूटने आए दिल्ली के लुटेरों की वापसी का समय आ गया है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परिवार की सभी आशंकाएं दूर करते हुए भरोसा दिलाया है कि कल ही सीबीआई की टीम आकर अपनी जांच शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि इस मामले या नशे से जुड़े अन्य मामलों में जो भी दोषी होगा, वह सलाखों के पीछे होगा। केंद्रीय गृह मंत्री परविंदर सिंह झोटा के परिवार को यह वचन देकर गए हैं।
सुनील जाखड़ ने परविंदर सिंह झोटा के पिता और पत्नी के जज़्बे को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान महान है। अपने परिवार के सदस्य को खोने के बावजूद उन्होंने समाज को नशे से बचाने का बीड़ा उठाया है और समाज के प्रति उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

