कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने पंजाब यूनिवर्सिटी से हासिल की पीएचडी की डिग्री
चंडीगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। जंडियाला गुरु से विधायक और पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से पीएचडी की डिग्री पूरी कर ली है।
सरकारी लेक्चरर के रूप में अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत करने वाले हरभजन सिंह वर्ष 2012 में पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी पीसीएस परीक्षा पास करके ईटीओ के रूप में नियुक्ति प्राप्त की थी। समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा के साथ उन्होंने वर्ष 2016 में ईटीओ से इस्तीफा देकर राजनीति का रास्ता अपनाया। वर्ष 2017 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा, जिसमें वह हार गए, परंतु हौसला नहीं छोड़ा और इस दौरान गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से 2018-2021 तक एलएलबी की डिग्री हासिल की और वर्ष 2022 में दोबारा चुनाव लड़ा और बड़ी जीत दर्ज की।
वह मार्च, 2022 में मान सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री बने और इस दौरान सरकारी जिम्मेदारियां निभाते हुए अपने ज्ञान में वृद्धि करने के उद्देश्य से ही उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज से गाइड प्रो. नमिता गुप्ता और प्रो. इमैनुअल नाहर के नेतृत्व में पीएचडी पूर्ण कर ली है, जिसका थीसिस 'बी.आर. अंबेडकर और दलितों के मानवीय अधिकार: पंजाब राज्य के विशेष संदर्भ में एक अध्ययन' है। इस संबंध में वाइवा बीते दिनों पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में पूर्ण हो गया।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता शिंदो, पत्नी सुहिंदर कौर, पुत्री परलजीत कौर तथा पुत्र हरशजीत सिंह के अलावा अपने सभी साथियों को दिया। हरभजन सिंह केवल एक नेता ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों के लिए मिसाल बनकर उभरे हैं।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

