पंजाब के अबोहर शहर में चार निजी स्कूलों को बम की धमकी, छात्रों को एहतियातन घर भेजा गया
- चार स्कूलों में सुबह मिले धमकी भरे कॉल, एंटी-सबोटाज टीमों ने शुरू की तलाशी
अबोहर, 29 जुलाई (हि.स.)। पंजाब के अबोहर शहर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल कक्षाएं स्थगित कर छात्रों को घर भेज दिया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे चार निजी स्कूलों को धमकी भरे कॉल प्राप्त हुए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और एंटी-सबोटाज टीमों को मौके पर भेजकर संबंधित स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
अबोहर के डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं। स्कूलों की पूरी तरह जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि परिसर में कोई विस्फोटक सामग्री मौजूद न हो। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी और छात्रों तथा स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी को सुरक्षित घर भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला शरारत या फर्जी धमकी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है और धमकी देने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

