बम से उड़ाने की धमकी, फरीदकोट डिप्टी कमिश्नर कार्यालय खाली कराया गया
- बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने चलाया तलाशी अभियान, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
फरीदकोट, 18 अगस्त (हि.स.)। डिप्टी कमिश्नर कार्यालय परिसर को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल के मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एहतियात के तौर पर पूरे प्रशासनिक परिसर और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया तथा लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
इसके बाद जिला पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने पूरे परिसर को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सभी ब्लॉक, कार्यालयों और आसपास के पार्किंग क्षेत्रों की गहन जांच की गई। इस दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में बताया गया, हालांकि जिला मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पंजाब पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। ई-मेल के आईपी पते और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि संदेश भेजने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान की जा सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

