home page

खरड़ के डीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, छात्रों को भेजा गया घर

 | 

खरड़, 07 अगस्त (हि.स.)। खरड़ के छप्पड़चिड़ी स्थित डीपीएस स्कूल को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर को खाली करवाया गया और छात्रों को घर भेज दिया गया।

धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें स्कूल पहुंचीं और पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान स्कूल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। एहतियात के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों को घर भेजने का फैसला किया। इसके बाद परिसर की सुरक्षा जांच और सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों के दौरान जिले में कई संस्थानों को इसी तरह की बम धमकी मिल चुकी है। इनमें सेक्टर-76 स्थित जिला प्रशासनिक परिसर, न्यायिक परिसर और विभिन्न स्कूल भी शामिल हैं। अब तक सामने आए मामलों में अधिकांश धमकियां फर्जी पाई गई हैं। बावजूद इसके, पुलिस और प्रशासन ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा जांच कर रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH