गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला
- संगरूर से लौट रहे थे विनोद कुमार, माणकौर बाईपास के पास मिला शव
गुरदासपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव माणकौर बाईपास के नजदीक पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पठानकोट के सुजानपुर में तैनात विनोद कुमार के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरदासपुर के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मोहन लाल के अनुसार विनोद कुमार पदोन्नति के बाद जहानखेलां स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इसी सिलसिले में उन्हें संगरूर भेजा गया था। रविवार रात वह संगरूर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान माणकौर बाईपास के नजदीक उनका शव मिला। पुलिस के मुताबिक एक राहगीर से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। विनोद के सिर पर चोट पाई गई है। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।
मृतक की माता कुंती देवी ने बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे विनोद ने अपने भाई रामलाल को फोन किया था। उन्होंने बताया था कि वह पुराना शाला के नजदीक पहुंच गए हैं और करीब 15 मिनट बाद बाईपास पर पहुंच जाएंगे। जब रामलाल उन्हें लेने के लिए बाईपास पर पहुंचे, तो विनोद वहां नहीं मिले। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात करीब एक बजे उनका शव बरामद हुआ। विनोद कुमार के परिवार में पत्नी प्रीति लखविंदर कौर, नौ वर्षीय बेटा राघव, पांच वर्षीय बेटा प्रिंस और बुजुर्ग माता कुंती देवी हैं। विनोद के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी विनोद के कंधों पर थी।
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि परिजनों ने गोली लगने की आशंका जताई है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कर्तव्य निभाते हुए शहादत देने वाले पंजाब पुलिस के वरिष्ठ कांस्टेबल विनोद कुमार की बहादुरी और समर्पण को सलाम किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए घोषणा की कि शहीद विनोद कुमार के परिवार को पंजाब सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से भी परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि मिलेगी। ---------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

