पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में भाजपा : मेघवाल
- सुशासन और विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी पार्टी, अकाली दल से गठबंधन पर साधी चुप्पी
रूपनगर, 13 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी सुशासन और विकास को अपना प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाएगी।
रूपनगर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकारें सुशासन और विकास को प्राथमिकता देती हैं। पंजाब में भी पार्टी इन्हीं मुद्दों के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करने का प्रयास करेगी। मेघवाल ने महाराजा रणजीत सिंह के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके शासन में बेहतर प्रशासन और विकास को विशेष महत्व दिया जाता था। भाजपा भी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पंजाब में सुशासन स्थापित करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनता तक पहुंचा रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर मेघवाल ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय में पार्टी की ओर से उचित समय पर अलग से जानकारी साझा की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा संगठन आधारित राजनीतिक दल है। पार्टी की चुनावी तैयारियां किसी विशेष समय तक सीमित नहीं रहतीं। बूथ से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहते हैं। मेघवाल के बयान से स्पष्ट है कि भाजपा पंजाब में अपनी संगठनात्मक ताकत बढ़ाने के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारी कर रही है। हालांकि, अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

