home page

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जून से पंजाब में शुरू करेंगे चुनाव अभियान

 | 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जून से पंजाब में शुरू करेंगे चुनाव अभियान


चंडीगढ़, 18 जून (हि.स.)। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जून से पंजाब के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर करेंगे। इसके बाद वह अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर में भी दर्शन करेंगे। यह नितिन नवीन का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद पंजाब का पहला दौरा होगा।

अमृतसर से नितिन नवीन जालंधर और लुधियाना जाएंगे, जहां वह भाजपा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। 21 जून को लुधियाना में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें करीब 7,500 पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान नवीन पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

पार्टी नेताओं का कहना है कि यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने इस बार शिरोमणि अकाली दल के बिना अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व पंजाब को लेकर संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ा रहा है। अमृतसर से दौरे की शुरुआत को सिख समुदाय तक पहुंच बनाने और पार्टी के जनाधार को पारंपरिक शहरी हिंदू वोट बैंक से आगे बढ़ाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा नेताओं के अनुसार लुधियाना में होने वाला बड़ा सम्मेलन मालवा क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक ताकत दिखाने की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि यह दौरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अप्रैल में पंजाब चुनावों को लेकर दिए गए संदेश की अगली कड़ी है, जिसमें उन्होंने भाजपा के अकेले चुनाव लड़ने और पंजाब के सर्वांगीण विकास का दावा किया था। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय संगठन सचिव बीएल संतोष ने आरएसएस के साथ समन्वय बैठक कर पंजाब चुनावों की तैयारियों और नितिन नवीन के दौरे को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH