मोहाली नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 40 से भाजपा उम्मीदवार के पिता पर हमला
मोहाली, 14 मई (हि.स.)। मोहाली नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 40 से भाजपा उम्मीदवार के पिता पर हमले की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। भाजपा उम्मीदवार गौतम गिरीश लद्दड़ के पिता रिटायर्ड आईएएस एसआर लद्दड़ सेक्टर 77 में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान एस आर लद्दड़ जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें हल्की चोटें भी आई हैं। हमलावरों ने उन्हें धमकाया कि वे दोबारा सेक्टर 77 में प्रवेश न करें। घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और लद्दड़ ने अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। इस मामले पर भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें उम्मीदवार की ओर से फोन आया, जिसमें इस हमले की जानकारी दी गई।
विशिष्ट ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय लोगों ने जबरदस्ती करते हुए धक्का-मुक्की की और धमकाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसएसपी मोहाली हरमदीप सिंह हंस और डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल्ल से बात हो चुकी है, जिन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। विशिष्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे डरें नहीं और किसी भी तरह की धमकी की जानकारी तुरंत साझा करें।
--------------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

