home page

पंजाब के सरकारी स्कूलों में 1000 नौकरियों के फर्जी विज्ञापनों से सावधान, शिक्षा विभाग ने जारी की चेतावनी

 | 

वोकेशनल ट्रेनर भर्ती के नाम पर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर घूम रही सूचियां फर्जी, विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा

चंडीगढ़, 15 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में वोकेशनल ट्रेनर के 1000 पदों पर भर्ती के नाम पर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर प्रसारित हो रहे कथित विज्ञापनों और सूचियों को फर्जी बताया है। विभाग ने लोगों से ऐसे संदेशों पर भरोसा न करने और उन्हें आगे साझा न करने की अपील की है।

डायरेक्टर जनरल स्कूल एजुकेशन-कम-स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर, समग्र शिक्षा अभियान पंजाब के कार्यालय की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (सेकेंडरी) को इस संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने कहा कि उसके संज्ञान में आया है कि सरकारी विभाग या निजी कंपनियों के नाम पर ऐसी सूचियां और विज्ञापन फैलाए जा रहे हैं, जिनमें सरकारी स्कूलों में 1000 वोकेशनल ट्रेनर की नौकरियां देने का दावा किया गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि ये विज्ञापन और सूचियां न तो शिक्षा विभाग ने जारी की हैं और न ही उससे जुड़ी किसी आउटसोर्स एजेंसी ने। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, आम जनता और अन्य संबंधित पक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन पर विश्वास न करें और इनके प्रचार से बचें।

एडवाइजरी में यह भी चेतावनी दी गई है कि कुछ लोग इन फर्जी विज्ञापनों का इस्तेमाल नौकरी दिलाने के नाम पर उम्मीदवारों से ठगी करने के लिए कर सकते हैं। विभाग ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी भर्ती के नाम पर पैसे मांगता है या संदिग्ध तरीके से संपर्क करता है तो उसकी पूरी जानकारी विभाग के साथ साझा की जाए।

लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग ने फर्जी विज्ञापन और कथित रिक्तियों वाली स्कूलों की सूची की प्रतियां भी संबंधित अधिकारियों को भेजी हैं। विभाग का कहना है कि इसका उद्देश्य नौकरी चाहने वाले युवाओं को धोखाधड़ी का शिकार होने से बचाना है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH