home page

बठिंडा में चिट्टा बेचने का वीडियो सामने आने से सियासी घमासान, अकाली दल ने जांच की मांग की

 | 
बठिंडा में चिट्टा बेचने का वीडियो सामने आने से सियासी घमासान, अकाली दल ने जांच की मांग की


बठिंडा, 06 सितंबर (हि.स.)। पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच बठिंडा के गांव संगत कलां में कथित तौर पर चिट्टा बेचने से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर करीब 3 मिनट 12 सेकंड का वीडियो साझा करते हुए इसे कथित स्टिंग ऑपरेशन बताया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि गांव में कम कीमत पर चिट्टा उपलब्ध कराया जा रहा है।

अकाली दल के मुताबिक, वीडियो में एक महिला द्वारा कथित तौर पर चिट्टा पहुंचाने की बात सामने आती है। वीडियो में डिलीवरी को लेकर पिज्जा, ब्लिंकिट और कथित नशे की डिलीवरी की तुलना करते हुए दावा किया गया है कि चिट्टा बेहद कम समय में उपलब्ध कराया जा रहा था। पार्टी ने इस मामले की तत्काल जांच की मांग की है। शिअद ने वीडियो को आधार बनाते हुए आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पंजाब में नशे की समस्या से निपटने के तरीके को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि केवल राज्य स्तर के आंकड़े जारी करने के बजाय गांव-वार यह जानकारी सार्वजनिक की जाए कि नशा तस्करों के खिलाफ वास्तव में क्या कार्रवाई की गई है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। संगत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि वीडियो शुक्रवार को बनाया गया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर गग्गू नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 3 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि संगत गांव को नशे के लिहाज से हॉटस्पॉट नहीं माना जाता। पुलिस अब वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित नशा सप्लाई के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब पंजाब सरकार की ओर से ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान चलाया जा रहा है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इन दिनों तीन दिवसीय बठिंडा दौरे पर हैं। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष को सरकार पर निशाना साधने का एक और मुद्दा मिल गया है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH