home page

अमृतसर में निहंग सिख की गोली मारकर हत्या

 | 

अमृतसर, 29 अगस्त (हि.स.)। बाबा बकाला साहिब में शुक्रवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई, जब क्षेत्र में ऐतिहासिक रक्खड़ पुण्या मेले के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और लोग मौजूद थे। मृतक की पहचान गांव मग्लानी निवासी राजा सिंह के रूप में हुई है।

राजा सिंह निहंग वेशभूषा में था। उसका शव बाबा बकाला के सिविल अस्पताल के पीछे पड़ा मिला। उसके सीने और हाथ पर गोली लगने के निशान पाए गए। पुलिस को शव के बारे में सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया।

ब्यास थाने के एसएचओ गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को अस्पताल के पीछे निहंग वेशभूषा में एक युवक के शव की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस अब हत्या के कारणों, वारदात की परिस्थितियों और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। रक्खड़ पुण्या मेले को लेकर बाबा बकाला में पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

________________

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH