home page

वाघा-अटारी बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस पर शांति और भारत-पाक दोस्ती का संदेश

 | 
वाघा-अटारी बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस पर शांति और भारत-पाक दोस्ती का संदेश


वाघा-अटारी बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस पर शांति और भारत-पाक दोस्ती का संदेश


अमृतसर, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित वाघा-अटारी बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत-पाकिस्तान दोस्ती, भाईचारे और अमन का संदेश देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अटारी बॉर्डर पहुंचे और हाथों में तिरंगे लेकर दोनों देशों के बीच शांति और बेहतर संबंधों की कामना की।

रात 12 बजे बॉर्डर परिसर देशभक्ति और भाईचारे के जज्बे से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दोनों देशों के बीच अमन और शांति की प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि भले ही सीमाएं दोनों देशों को अलग करती हैं, लेकिन दोनों तरफ के लोगों में मानवता, रिश्तों और शांति की चाहत समान है।

अटारी पहुंची स्मृति राज ने कहा कि वह चाहती हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते फिर से बेहतर हों। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की संस्कृति और परंपराओं में कई समानताएं हैं और दोनों देशों के लोग एक-दूसरे की कई चीजों को पसंद करते हैं।

दिल्ली से पहुंची प्रज्ञा ने कहा कि पाकिस्तान के लोग भी भारत के लोगों के सुख-दुख में शामिल होने की भावना रखते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती और भाईचारा हमेशा कायम रहना चाहिए।

वाघा-अटारी बॉर्डर पर आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति के साथ-साथ शांति और दोस्ती का संदेश देता नजर आया। लोगों ने उम्मीद जताई कि बातचीत, आपसी समझ और मानवता की भावना के जरिए दोनों देशों के बीच तनाव कम करने तथा बेहतर संबंधों के लिए रास्ता खुल सकता है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH