एएसआई हरजीत सिंह की मौत पर सीएम मान ने जताया दुख, परिवार को 2 करोड़ रुपये की सहायता का ऐलान
- कहा- शहीद की बहादुरी और ड्यूटी के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा
अमृतसर, 18 सितंबर (हि.स.)। अमृतसर में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सहायक थानेदार हरजीत सिंह की मौत पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्यूटी निभाते हुए शहादत देने वाले एएसआई हरजीत सिंह की बहादुरी को दिल से सलाम है। उनकी अदम्य हिम्मत और ड्यूटी के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने बताया कि सम्मान के तौर पर पंजाब सरकार की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि एचडीएफसी बैंक की ओर से भी परिवार को 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बीमा राशि दी जाएगी। इस तरह शहीद एएसआई हरजीत सिंह के परिवार को कुल 2 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।
भगवंत मान ने कहा कि सरकार अपने शहीदों और उनके परिवारों की हर संभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एएसआई हरजीत सिंह की महान कुर्बानी सभी को अपनी ड्यूटी पूरी बहादुरी और ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देती रहेगी।
--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

