अमृतसर में सेना के जवान समेत सात गिरफ्तार, 14 पिस्तौल व 20 किलो हेरोइन बरामद
चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सेना के एक जवान समेत सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 अत्याधुनिक पिस्तौल और 20.130 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इस कार्रवाई के दौरान अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले चार अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार काे बताया कि उदय (19) और पतरस (19), दोनों निवासी मस्तगढ़, तरनतारन; सेना के जवान युद्धवीर सिंह (22), निवासी गांव रानीके; साजन सिंह (19) और साहिलप्रीत (20), दोनों निवासी नारायणगढ़; जर्मनजोत सिंह (20), निवासी गांव सियालका; तथा साहिबनूर सिंह (21), निवासी जुझार सिंह नगर, बटाला को गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सभी आरोपित विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। वह संगठित नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करने के लिए अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में मदद कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने तथा इसके आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले ऑपरेशन के दौरान थाना घरिंडा की टीमों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उदय और पतरस को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे ड्रोन के माध्यम से भेजी गई 10 पिस्तौलों की खेप प्राप्त करने के बाद खेमकरण की ओर जा रहे थे। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम और नौ .30 बोर पिस्तौल शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित इससे पहले भी हथियारों की कम से कम 20 से 25 खेप प्राप्त करके आगे सप्लाई कर चुके हैं। आईजीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में सीआईए अमृतसर ग्रामीण और थाना घरिंडा के एसएचओ की संयुक्त टीम ने छुट्टी पर घर आए सेना के जवान युद्धवीर सिंह को .30 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। उन्होंने आगे बताया कि युद्धवीर सिंह को इससे पहले भी शस्त्र अधिनियम के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। सीमा पार से होने वाली तस्करी में उसकी संलिप्तता के संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है।
तीसरे ऑपरेशन का विवरण देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), अमृतसर ग्रामीण, कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की टीमों ने 20.130 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप के साथ साजन सिंह और साहिलप्रीत को गिरफ्तार किया। चौथे ऑपरेशन के संबंध में एसएसपी ने बताया कि प्रभारी स्पेशल सेल, अमृतसर ग्रामीण और थाना कत्थूनंगल के एसएचओ के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने जर्मनजोत सिंह और साहिबनूर सिंह को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया। इस संबंध में कुल चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

