फिरोजपुर में 5 ग्लॉक पिस्तौलें बरामद, तस्करी करने वाले मॉड्यूल का सप्लायर गिरफ्तार
फिरोजपुर, 26 मई (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार करके सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। उसके कब्जे से पांच .30 बोर ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि फिरोजपुर के गांव खेड़ा के उत्तर निवासी लखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह मात्र एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए हथियार कथित तौर पर सीमा पार से चैनलों के माध्यम से भारत में तस्करी करके लाए गए थे और इन्हें नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाने की योजना थी। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि मॉड्यूल से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
एआईजी सीआई गुरसेवक सिंह ने कहा कि पुलिस टीमों को क्षेत्र में हथियार सप्लाई किए जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना मिली थी। तेजी से कार्रवाई करते हुए सीआई फिरोजपुर की पुलिस टीम ने फिरोजपुर के कुलगढ़ी क्षेत्र में गुप्त अभियान चलाकर लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस पार्टी ने पांच आधुनिक हथियारों की खेप बरामद की। एआईजी ने कहा कि जांच से पता चला है कि उसे ये हथियार अपने हैंडलर के निर्देशों पर आपराधिक समूहों के सदस्यों को सप्लाई करने थे। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

