चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 को एमबीबीएस की 50 और सीटों की मंजूरी
चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को बड़ी उपलब्धि मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस की वार्षिक सीटें 150 से बढ़ाकर 200 करने की मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगी।इस फैसले से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। अब अधिक विद्यार्थियों को उत्तर भारत के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों में शामिल जीएमसीएच चंडीगढ़ में पढ़ाई करने का अवसर मिल सकेगा।संस्थान प्रशासन ने इस मंजूरी को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने, संस्थान की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के गुणवत्ता मानकों को पूरा करने की दिशा में अहम कदम है।50 अतिरिक्त सीटें मिलने से न केवल चिकित्सा शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, बल्कि भविष्य में योग्य और प्रशिक्षित डॉक्टरों की संख्या में भी वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
---
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

