home page

अमृतसर में हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, अफगानी नागरिक समेत 4 गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, अफगानी नागरिक समेत 4 गिरफ्तार


- अफगान नागरिक सूखे मेवों के कारोबार की आड़ में चल रहा था हवाला नेटवर्क

चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अफगान नागरिक सहित चार हथियार तस्करों काे गिरफ्तार करके सरहद पार से गैर-कानूनी हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इनके पास से आठ आधुनिक पिस्तौलें बरामद की गई हैं।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को चंडीगढ़ में बताया कि गिरफ्तार किया गया इस्माइल खेल तौहीद (30) अफगानिस्तान का निवासी है, जो इस समय पुणे (महाराष्ट्र) में रह रहा है। इसके अलावा तरनतारन के गांव फतेहाबाद निवासी मंगजीत सिंह (20) और शमशेर सिंह (26) तथा गांव राजाताल (अमृतसर) निवासी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से बरामद की गई पिस्तौलों में एक .30 बोर बेरेटा, चार 9 एम.एम. ग्लॉक और तीन .30 बोर पिस्तौलें समेत सात जिंदा कारतूस हैं। पुलिस टीमों ने उनका एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सभी मुलजिम एक विदेशी तस्कर के संपर्क में थे, जो सुनसान या गुप्त जगहों से गैर-कानूनी हथियारों की खेपें सप्लाई करता था। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए हथियार आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करने के लिए भेजे जा रहे थे। डीजीपी ने कहा कि विदेशी-आधारित नेटवर्क से जुड़े अन्य गुर्गों की पहचान करने और आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है तथा आने वाले दिनों में और बरामदगियां और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि गिरफ्तार किया गया इस्माइलखेल तौहीद सूखे मेवों के कारोबार की आड़ में हवाला नेटवर्क चला रहा था और गैर-कानूनी हथियार तस्करी रैकेट से जुड़े वित्तीय लेन-देन में सहायता कर रहा था। उन्होंने कहा कि जांच से यह भी पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम मंगजीत सिंह और शमशेर सिंह गैर-कानूनी हथियार तस्करी नेटवर्क में शामिल हैं। यह भी पाया गया है कि मुलजिम मंगजीत सिंह एक जुराइम-पेशा मुजरिम है और उसके विरुद्ध पहले भी थाना सुल्तानविंड, अमृतसर में हथियार एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा