home page

अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल के तीन गुर्गे काबू, 6 पिस्तौल बरामद

 | 
अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल के तीन गुर्गे काबू, 6 पिस्तौल बरामद


चंडीगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े तीन गुर्गों को गिरफ्तार करके छह आधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मंगल सिंह उर्फ मंगा (30) निवासी गांव काजीकोट, तरनतारन, प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24) निवासी ऑर्किड वैली, छेहरटा, अमृतसर और गौरव राणा (25) निवासी गुरु नानक एवेन्यू, अमृतसर के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में दो चीन निर्मित .30 बोर पिस्तौल, एक जिगाना .30 बोर पिस्तौल और तीन अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार किये गए आरोपित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि अवैध हथियार सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जा रहे थे और आरोपित इन खेपों को प्राप्त कर अपराधियों को सप्लाई करते थे। डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के लिंक स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने संदिग्ध मंगल सिंह उर्फ मंगा को एक .30 बोर पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। उसके खुलासे के आधार पर सह-आरोपी प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू और गौरव राणा को भी गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से पांच और पिस्तौल बरामद किए गए। सीपी ने बताया कि प्रणव उर्फ लड्डू और गौरव राणा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपी बंदूक के बल पर लूटपाट के मामले में थाना रणजीत एवेन्यू में दर्ज केस में भी वांछित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा