home page

अमृतसर में अवैध हथियारों के दो नेटवर्क का पर्दाफाश, दो नाबालिगों समेत चार गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में अवैध हथियारों के दो नेटवर्क का पर्दाफाश, दो नाबालिगों समेत चार गिरफ्तार


अमृतसर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार व्यक्तियों को 16 अति-आधुनिक पिस्तौलों सहित पकड़कर दो अलग-अलग अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है।

डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) निवासी गांव नौशहरा ढाला, तरन तारन, हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) निवासी गांव चेला, तरन तारन और दो नाबालिगों को पकड़ा गया है। इनसे बरामद 16 पिस्तौलों में तीन 9एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल (चीन का बना), एक .30 बोर एक्स-शॉट पिस्तौल, एक .30 बोर पी.एक्स.-5 स्टॉर्म पिस्तौल, नौ .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल है। इसके साथ ही 7 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम ने एक होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि मुलजिम विदेश बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप भेजने में मदद करता था। ये हथियार एक संगठित नेटवर्क के जरिए आगे अपराधी तत्वों को सप्लाई किए जा रहे थे। डीजीपी ने कहा कि समूचे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि हथियार सप्लाई के बारे में मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने थाना कैंट के अधिकार क्षेत्र में एक्टिवा स्कूटर पर जा रहे एक नाबालिग को रोका और उसके कब्जे से छह पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए। सीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में थाना गेट हकीमा की पुलिस टीमों ने अनमोल सिंह उर्फ मोहला को उसके नाबालिग साथी सहित गिरफ्तार करके उनके कब्जे से .30 बोर की पांच पिस्तौल बरामद कीं। इसके बाद की गई जांच और दोनों के खुलासों के आधार पर पुलिस ने उनके एक और साथी हरदीप उर्फ शिव को पांच और पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया, जिससे इस ऑपरेशन में बरामद किए गए पिस्तौलों की संख्या 10 हो गई।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH