अमृतसर में पुलिस और बीएसएफ ने 3 किलो 50 ग्राम हेरोइन बरामद की
अमृतसर, 10 जून (हि.स.)। ग्रामीण पुलिस के थाना घरिंडा और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त टीम ने करीब 3 किलो 50 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद थाना घरिंडा पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन पैकेट बरामद हुए। इनमें से दो पैकेटों में हेरोइन और एक पैकेट में अन्य नशीला पदार्थ पाया गया। बरामद नशीले पदार्थों का कुल वजन लगभग 3 किलो 50 ग्राम बताया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप सीमा पार से तस्करी के जरिए पंजाब में पहुंचाई जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि इस बरामदगी से अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आने वाले दिनों में जांच के दौरान इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।---------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

