home page

अमृतसर पुलिस ने दो व्यक्तियों को 5 किलोग्राम आईसीई और तीन पिस्तौलों समेत किया गिरफ्तार

 | 
अमृतसर पुलिस ने दो व्यक्तियों को 5 किलोग्राम आईसीई और तीन पिस्तौलों समेत किया गिरफ्तार


अमृतसर, 09 सितंबर (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 5 किलोग्राम आईसीई (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) और तीन आधुनिक विदेशी पिस्तौलों समेत गिरफ्तार करके सीमा पार से चलाए जा रहे नशीले पदार्थों एवं अवैध हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव चोगावां निवासी सोहन सिंह और अमृतसर के गांव बंडाला निवासी सलीम के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में दो 9 एमएम और एक .30 बोर का पिस्तौल तथा मैगजीन शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस टीमों ने उनका स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।

इस ऑपरेशन के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को संदिग्ध सोहन सिंह और सलीम के अमृतसर के लोपोके रोड पर माता कौलां अस्पताल के निकट अड्डा बाऊली में आईसीई ड्रग और हथियारों की बड़ी खेप की डिलीवरी के संबंध में मिलने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके में छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को 5 किलोग्राम आईसीई तथा तीन पिस्तौलों समेत गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में अमृतसर के पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में एफआईआर दर्ज की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH