अमृतसर में पेट्रोल बम फेंकने वाले दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
- एक आरोपित पैर में गोली लगने से घायल, विदेश में बैठे गैंगस्टर के लिंक की जांच
अमृतसर, 15 जुलाई (हि.स.)। अमृतसर देहात पुलिस ने फिरौती मांगने और पेट्रोल बम से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। यह हमला विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर कराया गया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर कथित तौर पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से काबू कर लिया गया।
एसएसपी देहाती अमृतसर कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि रविवार रात गांव पंडोरी वड़ैच निवासी विक्रम सिंह के घर पर तीन पेट्रोल बम फेंके गए थे। इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकान को क्षति पहुंची। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में शामिल दो आरोपित मोटरसाइकिल पर गांव भैणी से बाओली की ओर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरलाल सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि कृष्ण सिंह को बिना किसी चोट के गिरफ्तार कर लिया गया। घायल गुरलाल सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले विक्रम सिंह को विदेश में बैठे एक गैंगस्टर की ओर से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए फोन किया गया था। पुलिस के अनुसार फिरौती की रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि पेट्रोल बम से किया गया हमला उसी धमकी को अमल में लाने की कोशिश थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके अन्य साथियों और विदेश में बैठे कथित गैंगस्टर से संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

