home page

अमृतसर पुलिस ने दो हथियार तस्कर गिरफ्तार किये, 10 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद

 | 
अमृतसर पुलिस ने दो हथियार तस्कर गिरफ्तार किये, 10 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद


अमृतसर, 23 अगस्त (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने दो व्यक्तियों को 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और 10 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार करके अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन, के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में नौ 9-एमएम पिस्तौलें और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। पुलिस टीमों ने उनकी ग्रे रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है, जिसका उपयोग खेपों की ढुलाई के लिए किया जाता था।

कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि दोनों गुरप्रीत सिंह ने अपने विदेश स्थित हैंडलर के निर्देशों पर भारत-पाकिस्तान सीमा बाड़ के निकट गांव हवेलियां के क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से हथियारों की बड़ी खेप प्राप्त की है और वे इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को आपूर्ति करने जा रहे थे। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अमृतसर-अटारी जी.टी. रोड पर गांव खासा के निकट क्षेत्र से 10 अत्याधुनिक पिस्तौलों, मैगजीनों और जिंदा कारतूसों सहित दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

डीजीपी ने बताया कि इस मामले में अन्य लोगों की पहचान करने और सीमा पार से तस्करी के व्यापक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH