अमृतसर में एक अफगान नागरिक समेत छह गिरफ्तार, एक किलो हेरोइन और 5 लाख ड्रग मनी बरामद
अमृतसर, 05 जून (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अफगान नागरिक और दो नाबालिगों सहित छह व्यक्तियों को गिरफ्तार करके सीमा पार से संचालित हथियार, नशा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.035 किलोग्राम हेरोइन, पांच आधुनिक पिस्तौल और 5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किया गया बाज़ मोहम्मद (62) अफगानिस्तान का नागरिक है, जो पहले हरियाणा के सोनीपत में रह रहा था। वह हाल ही में नई दिल्ली के लाजपत नगर में रहने लगा था। इसके अलावा नवांशहर की गुरु अंगद देव कॉलोनी निवासी अंकुश बर्थवाल (33), जालंधर के गांव भट्टियां निवासी देश राज उर्फ विक्की (32) तथा लोपोके के गांव रणिया निवासी राजनदीप सिंह उर्फ राजा (26) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार किए गए बाज़ मोहम्मद, अंकुश बर्थवाल और देश राज उर्फ विक्की आदतन अपराधी हैं और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इनसे बरामद किए गए हथियारों में तीन 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किये गए सभी आरोपित अपने विदेशी साथियों के साथ मिलकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से स्थापित संपर्कों के जरिए अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे और फिर अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर उन्हें आगे सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क माझा और दोआबा क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहा था।
डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने तथा और अधिक जानकारी जुटाने के लिए मामले की आगे और पीछे की कड़ियों की जांच की जा रही है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक चरण में पुलिस टीमों ने दो नाबालिगों को एक ग्लॉक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया था। उनके खुलासों के आधार पर 500 ग्राम हेरोइन और एक अन्य पिस्तौल भी बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीमों ने बाज़ मोहम्मद, अंकुश बर्थवाल और देश राज उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से तीन पिस्तौल, 535 ग्राम हेरोइन और 5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। आगे की पूछताछ के दौरान उनके एक अन्य साथी राजनदीप सिंह उर्फ राजा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच में पता चला है कि अंकुश बर्थवाल हाल ही में युगांडा से भारत लौटा था, जहां वह नौकरी कर रहा था। विदेश में उसके एक सहकर्मी ने उसकी मुलाकात बाज़ मोहम्मद से करवाई थी। भारत लौटने के बाद अंकुश ने बाज़ मोहम्मद के साथ मिलकर नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी एवं सप्लाई का काम शुरू कर दिया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

