home page

(अपडेट) पंजाब में नशा तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, 3.26 किलो हेरोइन और 13 पिस्तौल बरामद

 | 
(अपडेट) पंजाब में नशा तस्करी के तीन नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, 3.26 किलो हेरोइन और 13 पिस्तौल बरामद


अमृतसर, 30 सितंबर (हि.स.)। पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.267 किलोग्राम हेरोइन और 13 पिस्तौल बरामद की हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यहां बुधवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान क्रिश गोल्ड (20) निवासी लोहगढ़, अमृतसर; कुणाल मेहता उर्फ कन्नू (21) निवासी कटड़ा दुल्लो, अमृतसर; रॉबिन (21) निवासी हिंदुस्तान बस्ती, अमृतसर; जसकरण सिंह उर्फ जस (36) निवासी भूटानपुरा, अमृतसर और जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन (22) निवासी गांव नौशहरा ढल्ला, तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपित जसकरण उर्फ जस आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले ही एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बरामद किए गए पिस्तौलों में आठ .30 बोर पीएक्स-3, तीन .30 बोर, एक 9 एमएम ग्लॉक और एक 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 22 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हथियारों और नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपित क्षेत्र में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति में शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने तथा विदेशों में बैठे हैंडलरों सहित इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

पहले ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने क्रिश गोल्ड और कुणाल मेहता उर्फ कन्नू को दो .30 बोर पिस्तौलों समेत गिरफ्तार किया। कुणाल उर्फ कन्नू से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर तीन और पिस्तौल, 14 जिंदा कारतूस और 1.227 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद पूछताछ के दौरान सिविल लाइंस क्षेत्र से उनके साथी रॉबिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए सीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने एक कार को रोककर उसमें सवार जसकरण सिंह उर्फ जस को 2.040 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया।

तीसरे ऑपरेशन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से आठ पीएक्स-3 पिस्तौल तथा आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH