home page

अमृतसर में 10.80 किलो हेरोइन और हथियार बरामद, एक गिरफ्तार, दो की तलाश

 | 
अमृतसर में 10.80 किलो हेरोइन और हथियार बरामद, एक गिरफ्तार, दो की तलाश


अमृतसर, 25 अगस्त (हि.स.)। अमृतसर देहात पुलिस ने थाना लोपोके क्षेत्र से मंगलवार को 10 किलो 80 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक 30 बोर का पिस्टल भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने इस मामले में साजन अरोड़ा निवासी भीलोवाल, विजेयपाल सिंह निवासी सराय अमानत खां और जशनप्रीत सिंह निवासी गंडीविंड को नामजद किया है। कार्रवाई के दौरान जशनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपित पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस को आशंका है कि सीमा पार से ड्रोन या अन्य माध्यमों से भेजी जाने वाली हेरोइन की खेप को आरोपी आगे सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और नशे की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस ने थाना लोपोके में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान सीमा पार से जुड़े इस नेटवर्क और अन्य तस्करों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती है।

अमृतसर देहात पुलिस का कहना है कि नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH