अमृतसर में 7 किलो हेरोइन बरामद, दो नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्यों को 7 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार करके इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि तरनतारन के कलसियां खुर्द निवासी इंद्रजीत सिंह और अमृतसर के गुरबख्श नगर, नया कोट, निवासी रविंदर शर्मा को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग खेप की डिलीवरी के लिए किया जाता था।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विशेष सूचना मिली थी कि संदिग्ध इंद्रजीत सिंह और रविंदर शर्मा हेरोइन की एक बड़ी खेप की डिलीवरी के संबंध में अमृतसर में झब्बाल रोड, अड्डा बोहड़ू के पास दरिया के किनारे वाले रास्ते पर आने वाले हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके के आसपास नाकाबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इंद्रजीत सिंह की कार की ड्राइवर सीट के नीचे से 4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जबकि रविंदर शर्मा के पास से 3 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

