अमृतसर में पांच किलाे हेराेइन बरामद, दाे नशा तस्कर गिरफ्तार किये गए
चंडीगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। अमृतसर के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने साेमवार काे बताया कि अमृतसर के खट्टराये खुर्द निवासी मनिंदर सिंह और अमृतसर के फिरवाड़िया निवासी गुरजंट सिंह को पकड़ा गया है। पुलिस टीमों ने इनकी हैचबैक हुंडई आई-20 कार (पीबी-10 जीएच 0140) भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वे खेप लाने-ले जाने के लिए करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित पाकिस्तानी तस्करों और सीमा पार से सप्लाई करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक विदेशी व्यक्ति पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है और वह अपने सहयोगियों मनिंदर सिंह और गुरजंट सिंह की मदद से राज्य में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपितों को अपने हैंडलर से नशीले पदार्थों की खेप मिली थी, जिसे वे किसी अन्य पार्टी तक पहुंचाने के लिए अपनी आई-20 कार में जिला अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गांव धारीवाल जा रहे थे। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके में नाके लगाए और दोनों संदिग्धों को रोककर उनके कब्जे से 5 किलो हेरोइन बरामद की। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

