अमृतसर के गुरुद्वारा संगतसर साहिब में लगी आग, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दो पावन स्वरूप प्रभावित
अमृतसर, 05 जून (हि.स.)। अमृतसर के वडाली क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा संगतसर साहिब में देर रात आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दो पावन स्वरूप प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारे के सुखासन स्थल पर रात के समय चल रहा एक पंखा अधिक गर्म हो गया। गर्म होने के कारण पंखे में आग लग गई और वह नीचे गिर गया। इसी के प्रभाव से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दो पावन स्वरूपों को नुकसान पहुंचा, जबकि उनके पावन अंग सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
धर्म प्रचार कमेटी इस घटना संबंधी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपेगी। प्रभावित पावन स्वरूपों को भी मर्यादा अनुसार श्री अकाल तख्त साहिब ले जाया गया है।
पुलिस प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है।
हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसजीपीसी की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। फिलहाल घटना के सही कारणों की जांच जारी है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

