home page

अमृतसर में 23.5 किलो हेरोइन और पिस्तौल बरामद, चार नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 

अमृतसर, 04 नवंबर (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 24 घंटों के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 23 किलो 500 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद की गई है। बरामद नशीले पदार्थों में से 13 किलो हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थी।

पहली कार्रवाई लोपोके थाना पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की खुफिया शाखा के साथ मिलकर की। पुलिस को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई नशे की खेप को आगे पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इस पर पुलिस ने लोपोके मार्ग पर मेहतमपुरा के नजदीक नाकाबंदी की। इस दौरान लोधी गुज्जर गांव निवासी सुखमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13 किलो हेरोइन और मैगजीन सहित एक पिस्तौल बरामद हुई।

दूसरी कार्रवाई घरिंडा थाना पुलिस ने की। पुलिस ने तरनतारन जिले के झब्बाल क्षेत्र के पंजवड़ गांव निवासी गुरचरण सिंह उर्फ बख्शीश सिंह और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया। सरकारी बागवानी नर्सरी के पास तैनात पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित मोटरसाइकिल पर नशे की खेप लेकर जीटी रोड की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई।

तीसरी कार्रवाई में घरिंडा पुलिस ने अटारी के बाल्मीकि मोहल्ला निवासी राहुल सिंह उर्फ धोला को गिरफ्तार किया। गश्त के दौरान पुलिस को देखकर आरोपित ने भागने की कोशिश की और अपनी जेब से पारदर्शी लिफाफा निकालकर फेंकने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया और लिफाफा बरामद कर लिया। जांच उपकरण से पदार्थ की प्राथमिक जांच करने और इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर वजन करने के बाद पुलिस ने 500 ग्राम हेरोइन बरामद होने की पुष्टि की।

अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने तीनों मामलों में नशीले पदार्थों से संबंधित एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH