अमृतसर के अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाका, एक महिला की मौत
चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद एक महिला की मौत हो गई तथा एक अन्य झुलस गई। पुलिस ने पटाखा फैैक्टरी वाली इमारत को सील करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे अनगढ़ इलाके में एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। आग लगने के दौरान यहां जोरदार धमाका हुआ। उन्होंने बताया कि यह हादसा अशोक कुमार नामक व्यक्ति के घर पर हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसीपी सुरिंदर तथा विशाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया और आग में झुलसी दो महिलाओं को बाहर निकाला। भुल्लर ने बताया कि महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुमन नामक महिला की मौत हो गई, जबकि गुरप्रीत कौर गंभीर रूप से झुलसी है।
उन्होंने बताया कि यहां अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। पटाखों को स्टोर भी किया गया था। करीब एक घंटे बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। आग लगने के कारण यहां विस्फोटक में जोरदार धमाका हुआ है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि एफएसएल टीमों ने जांच की है। यहां किसी प्रकार के विस्फोटक की सूचना नहीं है। पुलिस ने केस दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अनगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला दिया है। जहां अवैध पटाखा कारोबार मिलेगा वहां कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

