home page

अमृतसर के भाई लालो जी मिशन अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, एक्सपायर्ड दवाइयां जब्त, कई कमरे सील

 | 
अमृतसर के भाई लालो जी मिशन अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, एक्सपायर्ड दवाइयां जब्त, कई कमरे सील


अमृतसर के भाई लालो जी मिशन अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, एक्सपायर्ड दवाइयां जब्त, कई कमरे सील


- मरीजों का रिकॉर्ड और बायोमेडिकल कचरे से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका अस्पताल प्रबंधन

अमृतसर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। अमृतसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुल्तानविंड रोड स्थित भाई लालो जी मिशन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में कई गंभीर कमियां सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक्सपायर्ड दवाइयां जब्त कीं। इसके साथ ही अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी कक्ष, एक निजी कमरे और एक वार्ड को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई अमृतसर की सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन के निर्देश पर बुधवार को की गई। निरीक्षण दल में शामिल डॉ. पंकज भट्टी (चिकित्सा अधिकारी), डॉ. नज़मदीप (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. कमलप्रीत रियार (एनेस्थेटिस्ट), बिक्रमजीत कौर और हरभग सिंह ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष की जांच की, जहां अल्ट्रासाउंड मशीन मौजूद पाई गई। हालांकि, मरीजों के चिकित्सा रिकॉर्ड के रखरखाव में गंभीर खामियां सामने आईं।

निरीक्षण के समय अस्पताल में एक मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मौजूद था। वह लगातार तीसरे दिन अस्पताल आ रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज की फाइल, इंजेक्शन और दवाइयों का विवरण, ऑपरेशन थिएटर से संबंधित दस्तावेज तथा अन्य चिकित्सा रिकॉर्ड दिखाने को कहा।बार-बार मांगने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन निरीक्षण दल के सामने आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष की भी जांच की। यहां कई ऐसी दवाइयां मिलीं, जिनकी इस्तेमाल करने की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी थी।

इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन बायोमेडिकल कचरे के निपटान से संबंधित अनुबंध या अन्य आवश्यक दस्तावेज भी जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं कर सका। निरीक्षण में सामने आई कमियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी कक्ष, एक निजी कमरे और एक वार्ड को सील कर दिया। यह कार्रवाई भाई लालो जी ट्रस्ट के एक ट्रस्टी सदस्य की मौजूदगी में की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना और मरीजों की सुरक्षा एवं हितों की रक्षा करना था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों के आधार पर लागू नियमों और विनियमों के अनुसार आवश्यकतानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

--------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH