home page

अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन व हथियारों समेत छह लोग गिरफ्तार

 | 
अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन व हथियारों समेत छह लोग गिरफ्तार


चंडीगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने अलग-अलग दो ऑपरेशन चलाकर हथियार और नशा तस्करी से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश किया।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 2 किलो 920 ग्राम हेरोइन और 8 हाई-एंड पिस्तौल बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पंजाब पहुंचाई जा रही थी। इसके बाद इसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाना था।

मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमा पार से खेप भेजने वाले और पंजाब में इसे हासिल कर आगे सप्लाई करने वाले लोग कौन हैं। पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से होने वाली तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा