home page

अमृतसर एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल जारी, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की 84 प्रविष्टियां शामिल

 | 

अमृतसर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शीतकालीन उड़ान शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नए शेड्यूल में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आगमन तथा प्रस्थान से जुड़ी कुल 84 प्रविष्टियां शामिल की गई हैं। इसके तहत यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ कई विदेशी गंतव्यों के लिए हवाई यात्रा के विकल्प मिलेंगे।

नए शेड्यूल के अनुसार घरेलू उड़ानों के माध्यम से यात्री दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, अहमदाबाद, श्रीनगर और नोएडा की यात्रा कर सकेंगे। इनमें सबसे अधिक उड़ानों के विकल्प दिल्ली के लिए रखे गए हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग समय पर उड़ानें निर्धारित की गई हैं। जारी शेड्यूल में घरेलू उड़ानों के आगमन की 21 और प्रस्थान की 21 प्रविष्टियां दर्ज हैं। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आगमन और प्रस्थान के लिए भी 21-21 प्रविष्टियां निर्धारित की गई हैं।

हालांकि, शेड्यूल में दर्ज सभी उड़ानें फिलहाल संचालित नहीं हो रही हैं। कुछ विमानन कंपनियों की सेवाएं प्रस्तावित समय-सारणी में शामिल हैं, लेकिन उनका नियमित संचालन शुरू नहीं हुआ है। अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं में कुआलालंपुर, दुबई, शारजाह, अबू धाबी, दोहा, सिंगापुर, बर्मिंघम और बैंकॉक जैसे शहर शामिल हैं। कुआलालंपुर के लिए मलेशिया एयरलाइंस की कई उड़ानों का विवरण जारी किया गया है। इनमें नवंबर से मार्च के बीच अलग-अलग तारीखों पर उड़ानों के समय और संचालन के दिनों में बदलाव निर्धारित हैं।

अकासा एयर की अबू धाबी, बाटिक एयर और एयर एशिया की कुआलालंपुर तथा थाई लायन एयर की बैंकॉक सेवाएं शेड्यूलमें दर्ज होने के बावजूद फिलहाल संचालित नहीं हो रही हैं। घरेलू सेवाओं में एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी विमानन कंपनियां शामिल हैं। दिल्ली के लिए दिनभर अलग-अलग समय पर उड़ानें निर्धारित की गई हैं। इसके अतिरिक्त मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, अहमदाबाद और अन्य शहरों के लिए भी यात्रा के विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

शीतकालीन शेड्यूललागू होने के दौरान कुछ उड़ानों के समय और संचालन के दिनों में बदलाव हो सकता है। ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि टिकट बुक करवाने या हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले संबंधित विमानन कंपनी से उड़ान की मौजूदा स्थिति की पुष्टि कर लें। नए उड़ान शेड्यूल से अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH