अमृतसर एयरपोर्ट के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि के बाद तीन फ्लाइट डायवर्ट
अमृतसर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार देर रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखे जाने के बाद हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। सुरक्षा कारणों से तीन आने वाली उड़ानों को डायवर्ट या वापस भेजना पड़ा।
रिपोर्टों के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने एयरपोर्ट परिसर के आसपास हवाई क्षेत्र में दो से तीन संदिग्ध ड्रोन देखे। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एहतियातन फ्लाइट ऑपरेशन रोक दिए गए।
दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया, जबकि कुआलालंपुर से आने वाली मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट एमएच-118 को दिल्ली भेजा गया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की ओर से ड्रोन गतिविधि की सूचना मिलने के बाद एहतियात के तौर पर उड़ानों को डायवर्ट किया गया। रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य हो गई और फ्लाइट ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिए गए। यह घटना सितंबर में एयरपोर्ट के पास हुई इसी तरह की संदिग्ध ड्रोन गतिविधि के लगभग एक महीने बाद सामने आई है। उस दौरान भी कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

